Saturday, May 6, 2023
खबरों में भवानीपुर 2022 - 2023 ई बुक भूमिका
मेरी कलम से
"खबरों में भवानीपुर 2022 -23" मार्च की ई - पुस्तक आपके हाथों में है। जब ज्ञान और कौशल वृद्धि की बात आती है, तो हर व्यक्ति आधुनिक और नए विकास के लिए तैयारी करना चाहता है। हम एक प्रौद्योगिकी-आधारित दुनिया में रह रहे हैं, जहांँ नवीनतम नवाचार लगभग हर चीज का हिस्सा बन रहे हैं। रिपोर्टिंग करना भी समाचारों से अवगत कराने की कला ही है जो आज नए - नए माध्यमों के जरिये हमें मिलती रहती है। पहले खबरें एक सीमित सीमा में थीं, आज उसका फलक पूरे विश्व को समेटे हुए है।
भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी कॉलेज के प्रांगण में विद्यार्थियों को सभी तरह की शिक्षा जैसे व्यवसाय, खेल, नीति, धर्म, समाज, अर्थव्यवस्था,फैशन, फिल्म उद्योग, मीडिया, थियेटर,लेखन विभिन्न प्रकार के कौशल, रोजगार आदि के विषय में सेमिनार, वर्कशॉप, संगोष्ठी के कार्यक्रम होते रहते हैं। आज के समय में समाचार प्राप्त करना हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण अंग बन चुका है।
मैं भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज की प्रमुख खबरों को अधिक से अधिक आप तक पहुंँचाना चाहती हूँ जो बहुत ही जिम्मेदारी का कार्य है।एक शिक्षा संस्थान को उसकी गतिविधियों से ही जाना जाता है। एक पत्रकार की तुलना रणभूमि में चौकन्ने सैनिक से की जाती है। जिस प्रकार एक फौजी युद्ध क्षेत्र में दृढ़ रहकर अपने कर्तव्य का सफलतापूर्वक निर्वाह करते हुए स्वयं का और देश का सम्मान बढ़ाता है, उसी प्रकार खबरों को सही समय पर देना भी चुनौतीपूर्ण है। अपने कर्तव्यों का सफल निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध होने की आवश्यकता होती है।
भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज के विभिन्न कार्यक्रमों की रिपोर्टों को हिंदी समूह के दैनिक समाचार पत्रों और मीडिया में प्रकाशित किया गया। विशेषकर छपते छपते हिंदी दैनिक, सन्मार्ग, जलते दीप, विश्वमित्र, ताजा टीवी, सन्मार्ग यूट्यूब, शुभजित. कॉम आदि प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रानिक मीडिया ने कॉलेज की रिपोर्ट प्रकाशित करने में मदद की है जिसके लिए बहुत बहुत धन्यवाद। निःसंदेह जिसका प्रभाव विद्यार्थियों के साथ साथ शैक्षणिक जगत् और समाज सकारात्मक रहा।
संचार की दृष्टि से देखा जाए तो खबरें हमें जहाँ सूचना देने का कार्य करती हैं वहीं वे प्रसार, व्यवहार परिवर्तन, सामाजिक बदलाव, सामाजिक सद्भाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। संचार एक सामाजिक विवेक के साथ ग्रामीण, शहरी समस्याओं और मनुष्यों से जुड़ी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। यह समय के साथ-साथ नकारात्मकता को दूर करता है और सकारात्मकता को अपनाने की प्रक्रिया है।संचार परिवर्तन, रूपान्तरण, रूपान्तर, संपरिवर्तन का एक रूप है।
समाज में खबरों की अहम भूमिका है जिससे लोगों को सूचनाएँ प्राप्त होती हैं। सूचनाओं के आदान-प्रदान से ही समाज की गतिविधियों की जानकारी मिलती है।
भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज को जानने के लिए उसमें होने वाले कार्यक्रमों के विषयों में जानने की आवश्यकता है। संचार और संप्रेषण ही विकास की ओर ले जाते हैं।
विकास शब्द का प्रयोग बहुत व्यापक अर्थ में लिया जाता है। किसी भी वर्तमान स्थिति में कोई भी बदलाव ‘विकास‘ (Development) कहलाता है। ‘विकास‘ शब्द परिवर्तन की उस गति को दर्शाता है जिसके अन्तर्गत एक अवस्था दूसरी अवस्था का स्थान लेती हुई आगे बढ़ती जाती है। यह एक मूल्यपरक अवधारणा है।
विकास का शाब्दिक अर्थ खुलना, प्रकट होना है। प्राकृतिक क्रिया (Natural action), पूर्व विद्यमानता (Pre-existence), परिवर्तनशीलता (Variability) एवं क्रमबद्धता (Serialization) ये चार विकास के सोपान या सीढ़ी हैं। इन चार बिन्दुओं पर ध्यान देने से विकास की अवधारणा स्पष्ट होती है। विकास का कोई पैमाना या मापक नहीं होता है । शुरुआत (start up)और अंत (end) समय के अनुरूप बदलता रहता हैं। विकास परीस्थिति पर निर्भर करता है । छुपी हुई प्रतिभा को उसके मुकाम तक पहुँचना ही विकास है।
कल्पनाशीलता और वास्तविकता के बीच का लक्ष्य ही विकास है । यह एक सतत गतिमान प्रकिया है और नकारात्मक बातों को निकालते हुए सकारात्मक को समय के साथ अपनाने की प्रक्रिया है।यह भी बदलाव का ही एक प्रकार है।
संचार (Communications) एक ऐसी प्रक्रिया है जो अपने होने मात्र से ही सामूहिकता को बढ़ावा देती है।
केवल व्यक्ति द्वारा दूसरे को सार्थक संदेश (message) प्रेषित करना ही है।संचार व्यक्तियों के बीच अर्थ का सम्प्रेषण (Communication) है।संचार का मतलब होता है, यह परखना कि किससे क्या कहना है।
मिडिया का कार्य ही जागरूक करना, सांस्कृतिक विकास, सामाजिक विकास, शैक्षणिक विकास और ध्यानाकर्षण करना है।
रिपोर्टिंग में बहुत पॉवर होता है। इसके द्वारा समाज सेवा तो होती ही है साथ ही साथ कॉलेज की गतिविधियों से भी लोग रूबरू होते हैं।
भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज में होने वाले कार्यक्रमों की हिंदी रिपोर्ट करने का यह सद्प्रयास प्रत्येक वर्ष होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की परिणति है। खबरों में भवानीपुर 2022 - 2023 ई-बुक में कुछ महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की रिपोर्ट हैं, तस्वीरें हैं। इस पुस्तक के पूर्व "खबरों में भवानीपुर 2019 - 2022" ई-बुक का प्रकाशन कोरोना काल में हुआ था जिसका शिक्षा प्रेमियों के साथ साथ विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने बहुत स्वागत किया था।
भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज के डीन प्रो. दिलीप शाह ने मुझे कॉलेज की हिंदी रिपोर्टिंग के लिए बराबर प्रोत्साहित किया है। प्रो. शाह कहते हैं, 'कॉलेज का इवेंट एक ओर समाप्त होता है और वसुंधरा जी की रिपोर्ट तैयार हो जाती है, सबसे बड़ी बात है कि खबर ताजा छपती है।'
कॉलेज के उपाध्यक्ष मिराज डी शाह ने मेरी हर खबर को मान्यता दी है। मैनेजमेंट की प्रमुख सोहिला भाटिया का सहयोग सदैव प्राप्त होता रहा है। सुबह की को-ऑर्डिनेटर प्रो. मीनाक्षी चतुर्वेदी ने मेरा सदैव उत्साहवर्धन किया है और प्रो. दिव्या उदेशी ने मुझे अॉफिसियल रूप से रिपोर्ट भेजी। मैं सभी का आभार व्यक्त करती हूँ। शुभजित की संस्थापिका सुषमा त्रिपाठी को धन्यवाद जिन्होंने ई-बुक 'खबरों में भवानीपुर कॉलेज' को आकार दिया। आशा करती हूँ कि रिपोर्टिंग लिखने में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों एवं पाठकों के लिए यह ई-बुक सहायक होगी।
"खबरों में भवानीपुर 2022 - 2023" इस श्रृंखला की दूसरी ई-बुक है जिसमें मार्च 2022 से मार्च 2023 तक की प्रमुख खबरों को स्थान मिला है। डीन प्रो दिलीप शाह को धन्यवाद जिनका सहयोग मेरा संबल बना है।पुनः प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी, प्रो दिव्या उदेशी और श्रीमती सोहिला भाटिया, समीक्षा खंडूरी को धन्यवाद जिन्होंने खबरें मुहैया कराने में सदैव सहयोग दिया।
- डॉ वसुंधरा मिश्र कॉमर्स विभाग,
(आफ्टरनून एंड इवनिंग)
भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज
5,लाला लाजपत राय सरणी, एल्गिन रोड कोलकाता-700020
ईमेल:mishrakolkata@gmail.com
मोबाइल फोन नंबर :9874977382
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment